बुलंदशहर/खुर्जा जंक्शन। ट्रेनों में लगातार टिकट चेकिंग अभियान चलने पर भी यात्री बिना टिकट सफर कर रहे हैं। प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य निरीक्षक के निर्देश पर जंक्शन पर तीसरे दिन रविवार को भी ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 69 यात्री बिना टिकट और 11 यात्रियों द्वारा ट्रेन में गंदगी फैलाने पर 20,645 रुपये का जुर्माना लगाया। तीन दिन में अभी तक 227 यात्री बिना टिकट, 77 अनियमित यात्रा करने वाले और 24 यात्रियों द्वारा ट्रेन में गंदगी करने पर 1,36,535 रुपये का जुर्माना लगा चुके हैं।
प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देश पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/खुर्जा हनुमान मीना के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर गाड़ी संख्या 64152 दिल्ली से अलीगढ़ मेमू, गाड़ी संख्या 64103 अलीगढ़ से दिल्ली जंक्शन, गाड़ी संख्या 64581 हाथरस किला से दिल्ली मेमू, गाड़ी संख्या 64167 गाजियाबाद से टूंडला मेमू एवं 64583 टूंडला से दिल्ली मेमू आदि में जांच की। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 69 यात्रियों से 19,545 रुपये का एवं ट्रेन में गंदगी फैलाने पर 11 यात्रियों से 1100 रुपये का जुर्माना लगा वसूल किया।
चेकिंग अभियान में सुपरविजन में चार चेकिंग स्टाफ, एक रेलवे सुरक्षा बल एवं एक राजकीय रेलवे पुलिस की टीम शामिल रही। बताया कि समय-समय पर बिना टिकट यात्रा करने वालों की जांच कर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जा रही है। सफर के दौरान यात्रियों को अच्छी सुविधाएं देने के लिए टिकट चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
लगातार तीन दिन में खुर्जा जंक्शन पर अभियान चला 227 यात्री बिना टिकट, 77 अनियमित यात्रा करने वाले और 24 यात्रियों द्वारा ट्रेन में गंदगी करने पर 1,36,535 रुपये का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा चुकी हैं।