बुलंदशहर। ई-रिक्शा कंपनी की एजेंसी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने मोहल्ला शांतिनगर निवासी सलमान से 6.68 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने सोशल साइट पर विज्ञापन देखकर एजेंसी के लिए आवेदन किया था। पीड़ित ने एसएसपी से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित सलमान ने बताया कि बीते दिनों उन्होंने सोशल साइट फेसबुक पर ई-रिक्शा कंपनी की एजेंसी के लिए विज्ञापन देखा था। उन्होंने संबंधित विज्ञापन पर दिए गए फॉर्म में अपना विवरण भर दिया। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति का कॉल आई, जिसमें कॉलकर्ता ने खुद को ई-रिक्शा कंपनी का मैनेजर बताते हुए अन्य जानकारी हासिल कर ली और उन्हें कंपनी के नाम से बने एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया।
पीड़ित ने बताया कि इसके बाद 29 जनवरी को कंपनी मैनेजर ने 25 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने को कहा। पीड़ित ने आरोपी के बताए खाते में शुल्क जमा कर दिया। इसके बाद 30 जनवरी को सिक्योरिटी, फाइल चार्ज आदि मदों में 2.38 लाख रुपये जमा करने के लिए कहा गया। इसके बाद आरोपी ने जल्द ही उन्हें एजेंसी का आवंटन पत्र मिलने की बात कही।
इसके बाद आरोपी ने छह ई-रिक्शा की एडवांस बुकिंग के लिए धनराशि जमा करने को कहा। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने आरोपियों के दो नंबरों पर कुल 6.68 लाख रुपये जमा किए। इसके बाद आरोपी का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हो गया। जिसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। जब उन्होंने संबंधित ई-रिक्शा कंपनी के पते पर संपर्क किया तो फर्जीवाड़े का पता चला। एसएसपी ने साइबर टीम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।