पहासू।
क्षेत्र के 60 से अधिक गांवों में पिछले तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। ऐसे में ग्रामीणों को बिजली और पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को बिजली घर नंबर-1 पर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनीं।
ग्रामीण पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि पहासू देहात क्षेत्र के बिजली घर नंबर-1 से चार फीडर जुड़े हैं। जिनसे आसपास के 60 से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति होती है। बिजली घर में पानी की निकासी नहीं है। ऐसे में बारिश के दौरान अक्सर बिजली घर में पानी भर जाता है और मशीन व कन्वर्टर और ट्रांसफार्मर पानी में डूब जाते हैं। इससे आसपास के गांवों को कटौती का सामना करना पड़ता है।
काफी प्रयास और मांग के बाद ऊर्जा निगम की ओर से नई इमारत तो बनाई गई लेकिन, दो साल बाद भी वहां पर मशीन नहीं लगाई गई, जिससे समस्या बरकरार है। इसी के चलते पिछले सप्ताह बारिश होने पर गांवों में तीन दिन तक आपूर्ति बाधित रही। बीते सप्ताह शुक्रवार सुबह धरना प्रदर्शन किया गया तो आपूर्ति चालू कर दी गई। इसके बाद शुक्रवार रात करीब 11 बजे फिर से सप्लाई बंद हो गई। ऐसे में शनिवार, रविवार और सोमवार तीन दिन से आपूर्ति ठप पड़ी है।
बिजली आपूर्ति ठप होने से गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार सुबह बिजली घर पहुंचकर अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक भी वहां पहुंच गएष विधायक ने ग्रामीणों की समस्या सुनकर मेरठ एमडी से फोन पर बात कर ग्रामीणों को जल्द समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान अनुसूचित जाती मोर्चा के जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, ध्रुव शर्मा, गौरव जादौन, अंसार अहमद, शमीम अंसारी, गोपाल शर्मा, राजा शर्मा, किशन पाल सिंह, विनीत सेठ आदि मौजूद रहे। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।
ऊर्जा निगम के एक्सईएन अमित कुमार ने कहा कि बिजली घर में लगी मशीन और ट्रांसफार्मर को नई इमारत में जल्द शिफ्ट किया जाएगा। फिलहाल बिजली घर में से पानी निकलवाया जा रहा है। सोमवार शाम तक गांवों में बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।
विधायक का धरना स्थल पहुंचना नौटंकी
कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रत्याशी और युवा जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार है। इसके बावजूद विधायकों को अधिकारियों के विरोध में हो रहे धरने का समर्थन करना पड़ रहा है। विधायक क्षेत्र में बढ़ रही विद्युत कटौती की समस्या को दूर नहीं करा पा रहे हैं। बिजली की समस्या के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। शिकारपुर विधानसभा में आए दिन बिजली की समस्या रहती है। भाजपा के विधायक अनिल शर्मा समस्या का निस्तारण कराने में विफल हैं। जियाउर्रहमान ने कहा कि विधायक अनिल शर्मा बिजलीघर पर धरने का समर्थन देकर नौटंकी कर रहे हैं।