सिकंदराबाद। घर बैठे कारोबार करने के नाम पर किशोरी से 5600 रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोपी कॉलर के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला खत्रीवाड़ा निवासी रजनी पत्नी प्रभूदयाल ने बताया कि शुक्रवार को वह काम पर गई थीं। घर पर उनकी 13 वर्षीय बेटी कुसुम थी। कुसुम के मोबाइल पर घर बैठे पेंसिल का काम करके रुपये कमाने का मेसेज आया। जब उसने दिए गए नंबर पर कॉल की तो कॉलर ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर आधार कार्ड की प्रति, 550 रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए। शनिवार को कॉलर ने फोन कर काम देने के नाम पर दो बार में 5100 रुपये पेटीएम कराए, जिसके बाद उसने कंपनी से आने वाले सामान के 5500 रुपये फिर जमा कराने के लिए कहा। ठगी का शक होने पर कुसुम ने रुपये जमा कराने से मना कर दिया। जिसके बाद कॉलर उन्हें बार-बार फोन कर रुपये जमा नहीं कराने पर एफआईआर कराने की धमकी दे रहा है। कोतवाल राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
संवाद