बुलंदशहर। जिले में 538 विद्युत सखियां बिजली का बिल जमा कर रही हैं। इसके एवज में उन्हें कमीशन मिल रहा है। इस राशि से वह समृद्ध और आत्मनिर्भर बन रही हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही और विद्युत सखियों की नियुक्ति की जाएगी। उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन ग्रामीण के उपायुक्त सूबेदार सिंह ने बताया कि गांवों में बिल जमा करने के काम पर लगाई गईं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विद्युत सखी का नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक विद्युत सखी को एक से लेकर दो हजार रुपये तक के बिल पर कमीशन के रूप में उन्हें 20 रुपये मिल रहे हैं। यदि वह दो हजार से ऊपर का बिल जमा कर रही हैं, तो बिल धनराशि का एक प्रतिशत कमीशन दिया जा रहा है।
पिछले दिनों जिले की कई विद्युत सखियों ने प्रदेश में सबसे अधिक बिजली का बिल जमा कराया था। इस पर उन्हें लखनऊ बुलाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया था। उन्होंने यह भी बताया कि मिशन के अधिकारी व कर्मचारी समय-समय पर जमा किए जा रहे बिल की जानकारी के साथ उनका सहयोग भी करते रहते हैं। यदि उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी आती है तो उसका समाधान ऊर्जा निगम से कराया जाता है।