टैंकर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी घायल
खुर्जा। पहासू मार्ग पर गांव अगौरा के पास टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से भाग गया।
बुधवार देर शाम ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी निहाल सिंह (30) गांव दस्तूरा निवासी पवन कुमार के साथ बाइक से पहासू से लौट रहा था। थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव अगौरा के पास अनियंत्रित टैंकर ने बाइक सवार दोनों युवकों को कुचल दिया। आसपास के लोगों ने देखा, तो मौके की तरफ दौड़ पड़े। निहाल सिंह की मौके पर मौत हो गई थी। पवन घायल हो गया। सूचना पर पुलिस भी आ गई। घायल पवन को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जबकि निहाल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। टैंकर चालक मौके से भाग गया। निहाल सिंह की मौत की सूचना पर परिजन भी आ गए। मौके पर कोहराम मचा हुआ था। पुलिस ने बताया कि निहाल ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।