खुर्जा। आबदानगर गांव निवासी महिला से प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभ दिलाने के नाम पर 50 हजार ठगी का मामला सामने आया है।
पीड़ित फूल मिजरा ने बताया कि उसने कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनवाने के लिए आवेदन किया था। बीते शनिवार को पीड़िता के पास अज्ञात कॉलर का फोन आया। उसने खुद को डूडा में कार्यरत कर्मचारी बताया और आवेदन से संबंधित जानकारी ली। लालच दिया कि वह ऑनलाइन एडवांस बुकिंग होने पर उसका आवेदन स्वीकार हो जाएगा। इसके बाद महिला ने कॉलर के खाते में 14 हजार रुपये डाल दिए। रविवार को उसका फिर से फोन आया और उसके बाद महिला ने 36 हजार रुपये भी आरोपी के खाते में भेज दिए। सोमवार को महिला ने उस नंबर पर संपर्क किया तो वह बंद आ रहा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति का नंबर सायबर सेल को भेज दिया गया है। साथ ही लेन-देन की जानकारी भी भेज दी गई है। संवाद