जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 42 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जिनमें से 25 का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि, शेष 17 शिकायतों के निस्तारण के लिए अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, डीएम श्रुति और एसएसपी श्लोक कुमार ने गुलावठी थाने पर पहुंच कर लोगों की शिकायतों को सुना।
डीएम-एसएसपी के समक्ष गांव खुशहालपुर निवासी नीलम ने शिकायत की कि कुछ लोग सरकारी नाली को निजी नाली बता रहें हैं। उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। गांव मिट्ठेपुर निवासी हासमी ने बताया कि कुछ लोगों ने उसके खेत पर कब्जा कर फर्जी लोन ले लिया है।
हासमी ने दूसरा प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों द्वारा मकान पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया। मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा नगर कोतवाली में आई दोनों शिकायतों का निस्तारण किया गया। कोतवाली देहात, खानपुर और रामघाट थाने पर एक-एक फरियादी पहुंचा। लेकिन, उन्हें न्याय नहीं मिल सका।
स्याना थाना समाधान दिवस में दो शिकायतें प्राप्त हुईं, दोनों ही शिकायतों का निस्तारण नहीं किया जा सका। इस दौरान एसडीएम गजेंद्र सिंह, सीओ दिलीप कुमार ने अधीनस्थों को जल्द से जल्द सभी शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। सर्वाधिक फरियादी औरंगाबाद थाने पर पहुंचे। यहां छह में से तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया।
सिकंदराबाद में पांच में से चार, गुलावठी में तीन में से दो, चोला में सभी दो, बीबीनगर में दो में से एक, शिकारपुर में पांच में से तीन, पहासू में तीन में से दो, छतारी में दो में से एक शिकायत का निस्तारण मौके पर किया गया। जबकि, नरसेना, खुर्जा देहात, अरनिया, सलेमपुर और डिबाई थाने पर एक - एक फरियादी पहुंचा। जिनकी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, अगौता, ककोड़, खुर्जा नगर, जहांगीरपुर, अहमदगढ़, जहांगीराबाद, अहार और नरौरा थाने पर कोई फरियादी नहीं पहुंचा।