बुलंदशहर। प्रदेश में खेल प्रशिक्षकों की कमी पूरी करने के लिए 15 खेलों के लिए 40 प्रशिक्षकों की भर्ती निकाली गई है। खेल निदेशालय के निर्देश पर जिला खेल विभाग ने आवेदन मांगे हैं। जिले के इच्छुक खिलाड़ी 15 अगस्त तक आवेदन जिला खेल कार्यालय पर जमा करा सकते हैं।
जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि हॉकी, तैराकी, वाॅलीबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉस्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, हैंडबॉल व जूडो के प्रशिक्षण के लिए 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नियुक्ति होनी है। निदेशालय ने अंतरराष्ट्रीय खेल जैसे ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ियों के आवेदन मांगे हैं। पद्म श्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार व ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों व कोच को प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक खिलाड़ी आवेदन समस्त प्रमाणपत्र के साथ 15 अगस्त तक जिला खेल कार्यालय पर जमा कर दें। चयन होने पर प्रशिक्षक को डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।