बुलंदशहर। समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ व एआरओ) की रविवार को 23 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। इसमें शामिल 10,248 अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 40 बसें आरक्षित की है। अन्य रूट पर बसों की मांग आने पर संचालन कराया जाएगा।
खुर्जा, सिकंदराबाद, गुलावठी और बुलंदशहर नगर के केंद्रों तक अभ्यर्थियों को छोड़ने के लिए 40 रोडवेज बसों को लगाया गया है। यह अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने व ले जाने के अलावा उनके गृह जनपद तक छोड़ेगी।
नगर का पुराना रोडवेज अड्डा, नया बस अड्डा एवं भूड़ चौराहे पर तीन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बुलंदशहर डिपो के एआरएम परमानंद ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से पूर्व व खत्म होने के बाद दो बजे तक अभ्यर्थी इन बसों का लाभ ले सकते हैं।