फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: 334 एक्यूआई से उखड़ीं सांसें, 31 को लगी ऑक्सीजन

विज्ञापन
​शिकारपुर में सील किया गया हॉट मिक्स प्लांट। स्रोत : प्रदूषण विभाग
विज्ञापन
बुलंदशहर/शिकारपुर/ऊंचागांव। जिले में लगातार बढ़ रहे एक्यूआई से लोगों की सांसें फूलने लगी हैं। शनिवार को हालात ये रहे कि 31 लोगों को ऑक्सीजन लगवानी पड़ी। हालात खराब होते देख हॉट मिक्स प्लांट को सील कर दिया गया। लापरवाही का आलम रहा कि कूड़ा-कचरा जलाने पर प्रतिबंध के बावजूद शनिवार को स्याना रोड और ऊंचागांव में कूड़ा-कचरा जलता मिला। शनिवार को बुलंदशहर का 334 तो खुर्जा का 311 वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मापा गया। एक्यूआई अधिक रहने पर 100 से अधिक को सांस लेने में परेशानी हुई।
विज्ञापन

शनिवार सुबह बुलंदशहर-स्याना रोड पर गांव जीवत के बाहर एवं सराय छबीला काली मंदिर के पास सड़क किनारे कूड़ा-कचरा किसी ने आग के हवाले कर दिया। जिससे उठा धुआं राह चलते लोगों की परेशानी का कारण बना। जबकि इस रोड से सुबह से शाम तक कई अधिकारी होकर निकले लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की।
वहीं, ऊंचागांव क्षेत्र के गांव कारोंजी में पिछले तीन दिनों से तालाब के किनारे कूडे के ढेर से धुआं उठ रहा है। जिससे आसपास के लोगो की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव को दी है लेकिन न तो कूड़े में लगी आग को बुझाया गया न ही कूड़ा जलाने वाले की तलाश की गई।
विज्ञापन

उधर, नगर के यमुनापुरम में रोक के बावजूद सीवर की खुदाई का कार्य जारी है। इसे पालिका ने बंद करने के निर्देेश दिए लेकिन कार्यदायी संस्था ने खुदाई का कार्य जारी रखा और मिट्टी को यूं ही छोड़ दिया। ऐसे में पानी का भी छिड़काव न होने से सुबह से शाम तक धूल उड़ती रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को बुलंदशहर का 334 तो खुर्जा का 311 एक्यूआई मापा गया। शनिवार को ग्रेटर नोएडा का 418 एक्यूआई रहने पर देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। नोएडा का 397, गाजियाबाद का 392, दिल्ली का 386, हापुड़ का 380, मेरठ का 369 एक्यूआई मापा गया।

ग्रैप का तीसरा चरण लागू होने पर भी चल रहा था हॉट मिक्स प्लांट
शिकारपुर क्षेत्र के गांव कैलावन में कृष्णा इंफ्राटेक आरएमसी प्लांट का संचालन हो रहा था। जिससे वायु प्रदूषण बढ़ने पर शनिवार काे डीएम के निर्देश पर एसडीएम अरुण कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार मरियम खातून, प्रदूषण के अवर अभियंता रवि रंजन, सलेमपुर सब इंस्पेक्टर विपुल कुमार आदि ने संयुक्त होकर जांच की। मौके पर मिले कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि ने प्लांट का संचालन नहीं होने की बात कही। जबकि प्लांट संचालन के लिए उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से वायु एवं जल सहमति संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सके। मटेरियल भी हरे कपड़े नहीं ढककर नहीं रखा था। वायु प्रदूषण रोकने को वेट स्क्रबर और उड़ती धूल रोकने को स्प्रिलंकर भी व्यवस्था नहीं थी। जेनरेटर पर आरइसीडी किट/पीएनजी किट भी नहीं लगी थी। पर्यावरण प्रदूषित होने के भी साक्ष्य मिले। ग्रेप-3 का उल्ल्घंन करने पर हॉट मिक्स प्लांट को सील करने की कार्रवाई की गई।

जिला चिकित्सालय में आंखों में जलन के 86, गले में खराश के 63, सांस के पहुंचे 100 के करीब मरीज
जिला चिकित्सालय की ओपीडी में शनिवार को आंखों में जलन के 86 गले में खराश एवं खांसी के 63 और सांस के 100 के करीब मरीजों ने समस्या बताई। इसके अलावा 31 मरीजों को सांस लेने में अधिक समस्या होने पर ऑक्सीजन लगानी पड़ी। निजी चिकित्सकों के यहां भी आंखों में जलन, गले में खराश एवं सांस लेने में परेशानी के मरीज उपचार कराने पहुंचे। सिकंदराबाद निवासी युनुस को सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां मरीज को ऑक्सीजन लगाकर राहत देने का प्रयास किया गया। वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि प्रतिदिन आंखों में जलन की समस्या लेकर मरीज आ रहे हैं। आईएमए के पूर्व अध्यक्ष एवं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि जब से वायु प्रदूषण बढ़ा है तभी से ओपीडी में गले में खराश के मरीज आ रहे हैं। सभी को मास्क पहनकर बाहर निकलने का परामर्श दिया जा रहा है।

Iजहां भी कूड़ा-कचरा जल रहा है उसकी जानकारी संबंधित विभाग को दी जा रही है। सीवर लाइन की खुदाई के बाद मिट्टी को यू हीं छोड़ देने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। पानी के छिड़काव को भी निर्देश दिए गए हैं। - विमल कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड I
I I
Iशिकारपुर में हॉट मिक्स प्लांट की सूचना पर टीम ने मौके पर जाकर जांच की। नियम का उल्लंघन करने पर सील करने की कार्रवाई की गई। अन्य स्थानों पर भी टीम को भेजकर लगातार जांच कर कार्रवाई कराई जा रही है। - अभिषेक सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्वI

शिकारपुर में सील किया गया हॉट मिक्स प्लांट। स्रोत : प्रदूषण विभाग

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें