संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। औरंगाबाद थाना क्षेत्र निवासी एक टाइल्स व्यापारी से व्यापार के नाम पर 3.23 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। बाद में आरोपियों के नंबर बंद कर लेने पर ठगी होने की जानकारी हुई। पीड़ित व्यापारी ने साइबर सेल को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
औरंगाबाद निवासी पुनीत शर्मा ने बताया कि वो औरंगाबाद के मोहल्ला जाटवान का रहने वाले हैं। उनकी जहांगीराबाद रोड पर श्याम मारबल एंड सेनेट्री स्टोर के नाम से फर्म है। बीती 9 जनवरी 2024 को उनके पास गुजरात के मोरबी से एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपने आपको टाइल्स का थोक व्यापारी बताया और उनको अपना विजिटिंग कार्ड भेजा। आरोपी ने उनको झांसे में लेकर अपनी टाइल्स आदि बेचने के लिए दाम फाइनल कर 15 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। बाद में गाड़ी लोड होने के नाम पर उनसे दो लाख पांच हजार पांच सौ रुपये और दूसरे खाते से एक लाख दो हजार पांच सौ रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद से उनका मोबाइल नंबर बंद हो गया। पीड़ित ने बताया कि कुल 3.23 लाख रुपये की ठगी हुई है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी कर लिया जाएगा।