बुखार से डेढ़ साल के मासूम की मौत
इस्लामाबाद गांव में बुखार से डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने झोलाछाप चिकित्सक पर गलत उपचार का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तीन दिन पूर्व नेहरुपुर निवासी महिला की मौत पर परिजनों ने झोलाछाप चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
गांव इस्लामाबाद निवासी साजिद के डेढ़ वर्षीय बेटे सादिक को दो दिन से बुखार था। परिजन उसका इलाज निजी चिकित्सक से करवा रहे थे। लेकिन बच्चे में कोई सुधार नहीं हुआ। बुधवार की सुबह हालत बिगड़ने पर मासूम सादिक को लेकर परिजन निजी चिकित्सक के पास पहुंचे।
चिकित्सक ने दवाइयां देकर उन्हें घर भेज दिया। दोपहर के समय बुखार से पीड़ित सादिक की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव नेहरुपुर में तीन दिन पूर्व गांव निवासी महिला विपनती देवी की बुखार से मौत हो गई थी। परिजनों ने झोलाछाप चिकित्सक पर गलत उपचार का आरोप लगाया था।
कार्रवाई न होने से झोलाछापों के हौसले बुलंद
क्षेत्र में कई स्थानों पर झोलाछाप चिकित्सक मरीजों का उपचार कर रहे हैं। झोलाछापों पर कार्रवाई नहीं होने से इनके हौंसले बुंलद हैं। मामले में सीएमओ डा. कैलाश नाथ तिवारी ने बताया कि गांव में टीम भेजकर झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई कराई की जाएगी। जांच में दोषी मिलने पर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होगी।