बुलंदशहर। जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को 1,536 मरीजों ने उपचार कराया। इसमें वायरल बुखार के 315 मरीज शामिल रहे। ओपीडी में आए मरीजों में तीन की हालत गंभीर होने पर भर्ती कराया। वहीं, अन्य मरीजों की डेंगू, मलेरिया व टायफाइड की जांच कराई गई।
जिला अस्पताल की ओपीडी में पिछले तीन माह से बदलते मौसम के चलते वायरल बुखार के मरीजों का शुरू हुआ सिलसिला अभी थमा नहीं है। लगातार मरीज सामने आ रहे हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. परवेंद्र सिंह ने बताया कि ओपीडी में वायरल बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। कुछ मामले ऐसे भी सामने आ रहे हैं, जो पिछले कई दिनों से बीमार हैं। ये लोग झोलाछाप से इलाज कराने के बाद हालत बिगड़ने पर आ रहे हैं। ऐसे मरीजों को वार्ड में भर्ती करवाया जा रहा है। शेष को खून की जांच कराने के बाद रिपोर्ट के आधार पर परामर्श दिया जा रहा है।
ओपीडी में वायरल बुखार समेत सभी बीमारियों के मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है। शुक्रवार को बुखार के करीब 315 मरीजों को परामर्श दिया गया। - डॉ. प्रदीप राना, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पताल