शिकारपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव मिलक कला निवासी नितिन कुमार से एफसीआई में नौकरी लगवाने के नाम पर शातिर आरोपी ने 3.10 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित नितिन कुमार सिंह ने बताया कि उनके चाचा रामवीर सिंह गाजियाबाद में नौकरी करते हैं। उनके यहां आने-जाने के दौरान ही रबुपुरा थाना क्षेत्र के गांव कलूपुरा निवासी देव शर्मा वर्तमान निवासी गाजियाबाद से उनकी मुलाकात हुई। आरोपी ने अपने आपको एफसीआई का कर्मचारी बताया। आरोपी ने उन्हें एफसीआई में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
इसके बदले में आरोपी ने पीड़ित से 5 लाख रुपये की मांग की। वह आरोपी के झांसे में आ गए। आरोपी ने उनसे कई बार में ऑनलाइन व नकद समेत कुल 3 लाख 10 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। 22 फरवरी को वह आरोपी के गाजियाबाद स्थित फ्लैट पर गए लेकिन वहां वह नहीं मिला। 24 फरवरी को वह आरोपी के गांव गए।
वहां गांव वालों ने बताया कि आरोपी ऐसे ही लोगों के साथ ठगी करता है। पीड़ित ने फोन पर संपर्क किया तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। सीओ मधुप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी देव शर्मा के खिलाफ ठगी और जान से मारने की धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।