संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। पुलिस लाइन चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक मुकेश सिंह ने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वो मेरठ में अपना एक मकान किराए पर देते हैं। जिसकी जानकारी उन्होंने एक पोर्टल पर भी अपलोड की हुई है। बीते दिनों पीड़ित के फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई।
आरोपी ने खुद का नाम दीपक बताया और खुद की फौज में तैनाती बताई। साथ ही आरोपी ने मकान का किराया पीड़ित को ऑनलाइन जमा करने का आश्वासन देते हुए अपने अकाउंटेंट से बात करा दी। जिस पर आरोपी ने पीड़ित से उसके बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली। साथ ही आरोपियों ने इस दौरान उसके खाते से करीब 30 हजार रुपये निकाल लिए। बैंक से मैसेज आने पर उन्हें इस बात की जानकारी हुई। जिसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की। जिस पर आरोपियों की शिनाख्त लालाराम मीणा और दिलखुश निवासीगण गांव टोडा मीणा तहसील जमवारामगढ़ जयपुर सिटी, राजस्थान के रूप में हुई है। नगर कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।