अनूपशहर। सड़क पर रोजाना हो रहे भीषण हादसों से सबक लेने के बजाय कुछ युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सोमवार को अनूपशहर कस्बे के शिव चौक पर लापरवाही और खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल हुआ। इसके वायरल होते ही पुलिस ने 27,500 का जुर्माना लगाते हुए बाइक को सीज कर लिया। साथ ही वाहन स्वामी के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक ही मोटरसाइकिल पर सात युवक और किशोर सवार हैं। इस जानलेवा स्थिति के बावजूद ये सभी व्यस्त सड़क पर हवाबाजी कर रहे थे। पीछे से गुजर रहे एक राहगीर ने इस हुड़दंग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
अनूपशहर के क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप चौहान ने बताया कि वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर दोषी वाहन को चिह्नित किया गया। बाइक को सीज कर दिया है और नियमों के उल्लंघन पर 27,500 रुपये का चालान काटा है। साथ ही वाहन स्वामी शाहरुख खान का शांति भंग में चालान किया गया है।