अनुपस्थित रहने वाले 23 शिक्षकों को थमाया नोटिस
बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। स्कूल न जाने वाले 23 शिक्षकों को विभाग ने नोटिस थमा दिया है। यह कार्रवाई सीडीओ की देखरेख में चल रहे कंट्रोल रूम से मिली हाजिरी की रिपोर्ट मिलने के बाद की गई है। साथ ही अफसरों ने गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों को कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कोरोना काल के चलते इस समय जनपद में संचालित 2399 परिषदीय स्कूल बंद चल रहे हैं, लेकिन स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थित अनिवार्य है। परिषदीय स्कूलों में सात हजार से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्र और कर्मचारी तैनात हैं। आदेश है कि शिक्षक स्कूल पहुंचकर बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा के साथ अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ साथ विभागीय काम को पूरा करें। शिक्षकों को स्कूल न जाने वाले बच्चों का प्रवेश कराने के भी आदेश दिए गए हैं। बावजूद इसके जिले के ज्यादातर परिषदीय स्कूलों में शिक्षक समय पर नहीं पहुंच रहे, वहीं कुछ शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के ही अवकाश ले रहे हैं। यह हालात उस स्थिति में हैं, जबकि प्रेरणा एप पर स्कूल खुलने के निर्धारित समय पर उपस्थिति देनी जरूरी है। इसके लिए विकास भवन में सीडीओ की देखरेख में कंट्रोल रूम चल रहा है। जहां पर प्रत्येक स्कूल में पहुंचने वाले शिक्षकों की प्रेरणा एप से हाजिरी का पता किया जाता है। स्कूल से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को इस बात का भी डर नहीं है कि यदि उनकी इस मनमानी का पता चल गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। अधिकतर शिक्षकों की इस तरह की मनमानी पूर्व में भी उजागर हो चुकी हैं। शासन और प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की और कई बार चेतावनी भी दी। बावजूद इसके सुधार दिखाई नहीं दे रहा। बताया गया कि विकास भवन में सीडीओ की देखरेख में चल रहे कंट्रोल रूम से मिली रिपोर्ट पर स्कूलों से लगातार अनुपस्थित चल रहे 23 शिक्षकों को नोटिस जारी किए गए हैं। यह सभी शिक्षक जनपद के अलग-अलग ब्लॉकों से संबंधित हैं। जिन शिक्षकों को नोटिस जारी किए गया है, उन्हें चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय पर उन्होंने अपनी अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण नहीं दिया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
अनुपस्थित तीन शिक्षक पूर्व में हो चुके हैं निलंबित
परिषदीय स्कूलों से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को किसी कार्रवाई का भी डर नहीं है। गत दिनों स्कूल से अनुपस्थित रहने वाले तीन शिक्षकों को निलंबित किया जा चुका है। जबकि 20 से अधिक शिक्षकों का वेतन रोकने की कार्रवाई हो चुकी है। बावजूद इसके कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे शिक्षकों जहां सरकारी योजनाओं को पलीता लगाने का काम कर रहे हैं। वहीं, वह शिक्षा के स्तर को लेकर भी गंभीर नहीं हैं।
अब हाजिरी लगाकर बंक मारने वालों पर भी होगी कार्रवाई
परिषदीय स्कूलों से लगातार गायब रहने वाले शिक्षकों के मामले सामने आने पर अब अफसरों ने हाजिरी लगाकर स्कूल से बंक मारने वाले शिक्षकों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है। बीएसए ने सभी एबीएसए को आदेश दिया है कि वह स्कूलाें का नियमित निरीक्षण कर यह पता करें कि शिक्षक सुबह की हाजिरी लगाकर स्कूल से बंक तो नहीं मार रहे। यदि किसी स्कूल में ऐसा पाया जाता है तो संबंधित शिक्षक की रिपोर्ट बनाकर जिला मुख्यालय कार्यालय को उपलब्ध करवाए, ताकि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
परिषदीय स्कूलों से अनुपस्थित रहने वाले 23 शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। इन शिक्षकों का पता हाजिरी के लिए संचालित कंट्रोल रूम से मिली रिपोर्ट के बाद चला था। इन सभी शिक्षकों से अनुपस्थित रहने के संबंध में स्पष्टीकरण भी मांग लिया है। किसी भी शिक्षक की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई जारी रहेगी। - अखंड प्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी