बुलंदशहर। मुख्यमंत्री आवास योजना से जिले के 217 परिवारों को अपना आशियाना मिल गया। इन सभी चयनित परिवारों को पहली किस्त के तौर पर 40-40 हजार रुपये की राशि भी मिल गई है। अधिकारियों का दावा है कि इन लाभार्थियों को 31 मार्च तक आवास बनाकर सौंप दिए जाएंगे।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण विभाग के परियोजना निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि शासन द्वारा गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना को शुरू किया गया है। एक लाभार्थी को निर्माण कार्य कराने के लिए शासन से 1.20 लाख रुपये दिए जाते हैं। निर्माण कार्य की शर्तों के अनुसार यह राशि लाभार्थियों के खातों में सीधे ट्रांसफर होती है। सत्र 2025-26 में जिले के 16 ब्लॉक से 217 लाभार्थियों का चयन किया गया है।
बताया गया की लाभार्थियों के खातों में सहायता राशि सीधे डिजिटल माध्यम से हस्तांतरित कर दी गई है। आवास निर्माण कार्य की प्रगति को देखते हुए विभाग ने भुगतान की प्रक्रिया को तीन चरणों में विभाजित किया है। सबसे पहले नींव और प्रारंभिक ढांचे के लिए 40 हजार रुपये की पहली किस्त भेजी गई है, जिसके बाद निर्माण को गति देने के लिए 70 हजार रुपये की दूसरी किस्त जारी होगी और अंतिम चरण के कार्यों को पूरा करने के लिए 10 हजार रुपये की तीसरी किस्त दी जाएगी।