किसान के खाते से शातिरों ने उड़ाए 50 हजार
खुर्जा। शातिरों ने किसान को झांसा देते हुए उसके खाते से 50 हजार रुपये उड़ा दिए। मोबाइल पर बैलेंस संबंधी मैसेज आने के बाद किसान के होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अरनिया निवासी किसान विजयपाल के मोबाइल पर शनिवार को अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए उनसे एटीएम कार्ड बंद होने की बात कही थी, जिसके बाद शातिर ने उनसे एटीएम कार्ड पर लिखा हुआ नंबर पूछा और उसके बाद मोबाइल पर आई ओटीपी भी जान ली। इसके बाद शातिर ने उनके खाते से 50 हजार रुपये दूसरे के खाते में ट्रांसफर कर लिए, जिसके बाद पीड़ित ने सोमवार को थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।