राजकीय इंटर कॉलेज से यूपी बोर्ड की परीक्षा देकर लौटते परीक्षार्थी। संवाद
बुलंदशहर। जिले के 110 परीक्षा केंद्राें पर शुक्रवार को पहली पाली की परीक्षा नकलविहीन संपन्न हो गई। 2017 विद्यार्थियों ने हाईस्कूल अंग्रेजी का पेपर छोड़ दिया। परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी खुश दिखाई दिए। जबकि इंटरमीडिएट के कंप्यूटर, शस्य विज्ञान, कृषि वनस्पति विज्ञान व कृषि अर्थशास्त्र में 39 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों का अधिकारियों और सचल दलों ने निरीक्षण किया।
यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत शुक्रवार को पहली पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय के पेपर हुआ। इसमें 25,618 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 41,601 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि 2017 अनुपस्थित रहे। इसी पाली में इंटरमीडिएट के कंप्यूटर, शस्य विज्ञान, कृषि वनस्पति विज्ञान व कृषि अर्थशास्त्र का पेपर हुआ। इनमें पंजीकृत 1630 के सापेक्ष 1591 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 39 अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों को गहन तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। परीक्षा पर कंट्रोल रूम से निगाह रखी गई। अन्य अधिकारियों और सचल दलों ने भी केंद्रों पर पहुंचकर चल रही परीक्षा का जायजा लिया।
परीक्षा शांतिपूर्वक और नकलविहीन संपन्न हो गई। उन्होंने बताया कि शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल के गृह विज्ञान और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट का रसायन विज्ञान और समाज शास्त्र विषय का पेपर होगा। वहीं, दूसरी ओर हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों ने पेपर को आसान बताते हुए कहा कि सभी प्रश्नों के उत्तर दिए हैं।