आवेदन जमा करने पहुंचे किसानों ने किया प्रदर्शन
- विकास भवन में कर्ज माफी के आवेदन जमा करने पहुंचे थे किसान
- अफसर बोले, शासन से दोबारा आदेश जारी होने पर जमा होंगे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। विकास भवन में शुक्रवार को कर्ज माफी का आवेदन जमा करने पहुंचे किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने डीएम को शिकायत देकर आवेदन अब दोबारा जमा करवाने की मांग की। विभागीय अफसरों का कहना है कि शासन का दोबारा आदेश जारी होने पर आवेदन जमा किए जाएंगे।
आवेदन जमा करने पहुंचे किसान राजवीर सिंह, हेमेंद्र सिंह, राजपाल, शीशपाल, मुनेश, राजेंद्र सिंह, सुनील और हरि सिंह आदि ने बताया कि शासन ने कर्ज माफी के आवेदन जमा करने के लिए 15 फरवरी तक का समय दिया था। जबकि विभागीय अफसरों ने आवेदन 31 जनवरी तक ही जमा किए। ऐसे में वह अपना आवेदन जमा करने से वंचित रह गए। जब वह शुक्रवार को आवेदन जमा करने पहुंचे तो विभागीय अधिकारियों ने प्राप्त नहीं किए। इसके विरोध में उन्हें प्रदर्शन भी करना पड़ा। किसानों ने डीएम को शिकायत देकर उनके आवेदन जमा करवाने की मांग की है। दूसरी ओर जिला कृषि अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह का कहना है कि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी थी और अब शासन से दोबारा आदेश प्राप्त होने के बाद ही आवेदन जमा किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक किसानों के सात हजार आवेदन प्राप्त हो गए हैं। इनमें से 80 फीसदी आवेदन अपात्र किसानों के हैं। जबकि करीब 20 फीसदी ही किसान पात्र हैं। प्राप्त आवेदनों से पात्र किसानों के आवेदन निकालकर उनकी सूची बनाई जा रही है। पात्र किसानों के ही योजना के तहत कर्ज माफ होंगे।