कल छोड़ा जाएगा नुमाइश का ठेका
बुलंदशहर। कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में दो फरवरी को जिला प्रदर्शनी का ठेका छोड़ा जाएगा। गत वर्ष यह ठेका 86 लाख रुपये में छोड़ा गया था। जिला प्रदर्शनी का आगाज 20 फरवरी से होगा। इसकी तैयारियों में कमेटी के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। जिला प्रदर्शनी के आगाज से पहले प्रशासन पार्किंग और तहबाजारी आदि का ठेका छोड़ता है। इस वर्ष दो फरवरी को यह ठेका छोड़ा जाना है। जिला प्रदर्शनी के प्रमुख मंत्री द्वारा संभावित ठेकेदारों को सूचना भिजवा दी गई है। वहीं, कलक्ट्रेट में ठेके का समय भी जिला प्रशासन ने निर्धारित कर दिया है। जिलाधिकारी/ प्रदर्शनी अध्यक्ष के आदेश पर कमेटी ठेके की प्रक्रिया को पूरा कराएगी। वहीं, कमेटी द्वारा इस बार दुकानों के किराए में पांच फीसदी बढ़ोत्तरी की गई है, जो ठेके में शामिल रहेगी। जिला प्रदर्शनी के प्रमुख मंत्री/नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला प्रदर्शनी के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई है। मैदान में निर्माण के साथ, रंगाई-पुताई और साफ-सफाई आदि की जा रही है। जिला प्रदर्शनी ऐतिहासिक होती है। इसके लिए दो फरवरी को ठेका छोड़ा जाना है। ठेके को लेकर प्रशासन ने तैयारियां कर ली है। ब्यूरो