भूख हड़ताल पर बैठी महिलाओं की हालत बिगड़ी
खुर्जा। क्षेत्र में थर्मल पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठी दो महिलाओं की हालत अचानक बिगड़ गई। इस दौरान एक महिला को कैलाश अस्पताल और एक को मुनि स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अफसरों के हाथ पांव फूल गए। उधर किसान टीएचडीसी के गेस्ट हाउस पर अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। किसानों ने कहा कि सुनवाई न होने पर आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
अरनिया क्षेत्र के दशहरा, दशहरी, जहानपुर, रुकनपुर और ऊंचागांव में 1250 एकड़ जमीन टीएचडीसी द्वारा थर्मल पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित की गई थी। जमीन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर किसान पिछले काफी समय से धरनारत हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सुनवाई न होने पर पिछले पांच दिनों से महिलाओं समेत सात किसान भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। मंगलवार को दो महिलाओं कमलेश देवी और रानी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मौके पर पहुंची अरनिया पुलिस ने कमलेश देवी को कैलाश अस्पताल तथा रानी देवी को मुनि स्थित नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। उधर टीएचडीसी गेस्ट हाउस पर पांच दिनों से धरने पर बैठे किसानों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती आंदोलन चलता रहेगा।