एक जनवरी को जनपद में 20 हजार केबिल कनेक्शन बंद हो जाएगे। ऑपरेटर्स ने टीवी चैनलों में कटौती शुरू कर दी है। एक जनवरी को मनोरंजन कर विभाग भारत सरकार के आदेश का पालन सख्ती से कराएगा।
जनपद में करीब 20 हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक सेट टॉप बॉक्स नहीं लगवाया है। जिन उपभोक्ताओं के यहां सेट टॉप बॉक्स नहीं लगा है ऐसे उपभोक्ताओं के यहा केबल ऑपरेटर्स ने चैनलों में कटौती कर दी है।
कटौती के बाद ऐसे उपभोक्ता अब मात्र चार से पांच चैनलों का लुत्फ ही उठा पा रहे हैं। 31 दिसंबर के बाद केबल ऑपरेटर्स चार पांच चैनलों का प्रसारण भी रोक देंगे।
यदि केबल ऑपरेटर्स ऐसा नहीं करते हैं तो एक जनवरी को मनोरंजन कर विभाग कंट्रोल रुम से सारे कनेक्शन ब्लॉक कर आगे की कार्रवाई शुरू करेगा।
प्रभारी अधिकारी मनोरंजन कर एसबी सिंह ने बताया कि उपभोक्ता केबल ऑपरेटर्स से सेट टॉप बॉक्स खरीदें। सेट टॉप बॉक्स की कीमत 1200 रुपये तय की गई है। साधारण केबल से चलने वाले चैनलों पर एक जनवरी को पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।