आल इंडिया हज कमेटी ने आजमीने हज से ली जाने वाली अंतिम किस्त का निर्धारण कर दिया है। यह किस्त दो जुलाई तक जमा की जा सकेगी। यह जानकारी जिला हज प्रभारी एवं ट्रेनर हाजी नूर मोहम्मद कुरैशी ने दी।
हाजी नूर मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि जिन हज यात्रियों की उड़ान दिल्ली एयरपोर्ट से होनी है। उन्हें ग्रीन श्रेणी वाले हज यात्री के रूप में द्वितीय किस्त 1,40,050 रुपये और अजीजया श्रेणी वाले हज यात्री अपनी द्वितीय किस्त 1,06,450 रुपये स्टेट बैंक आफ इंडिया या यूनियन बैंक आफ इंडिया के निर्धारित ग्रीन पे-स्लिप पर दो जुलाई तक जमा करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जो हज यात्री अपने साथ बच्चे ले जा रहे हैं और उनकी आयु पांच साल से कम है। उन्हें 13950 रुपये अतिरिक्त जमा कराने पड़ेंगे। जो यात्री किसी को सहायक बनाकर ले जा रहे हैं या फिर महरम के रूप में दोबारा हज यात्रा पर जा रहे हैं और उनकी उड़ान दिल्ली एयरपोर्ट से है उन्हें 53889 रुपये की अतिरिक्त धनराशि जमा करनी होगी।
कुरैशी ने बताया कि हज कमेटी आफ इंडिया ने प्रत्येक हज यात्री दिल्ली एयरपोर्ट से ग्रीन कैटेगरी के लिए 221050 रुपये, अजीजया श्रेणी के लिए 187150 रुपये की धनराशि निर्धारित की है। जो यात्रा हज की अवधि में हज कमेटी द्वारा कुर्बानी का कूपन खरीदना चाहते हैं। उन्हें कुर्बानी के लिए 8160 रुपये का कूपन खरीदना होगा।