स्वास्थ्यकर्मी समेत दो की मौत, 15 मिले नए कोरोना पॉजिटिव
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमित खोजो अभियान के तहत दिन-प्रतिदिन नए संक्रमित सामने आ रहे हैं। मंगलवार को एक स्वास्थ्य अफसर और दो स्वास्थ्य कर्मी समेत 15 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, 28 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। वहीं, मेरठ में इलाजरत दो कोरोना मरीजों की मौत हो गई। हालांकि स्वास्थ्य अफसरों ने अभी मौत की पुष्टि नहीं की है। वहीं, नए संक्रमित मिलने पर अब जनपद में कुल केस 1268 हो गए हैं।
कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे कोरोना योद्धाओं को अपनी चपेट में लेने लगा है। मंगलवार को एक स्वास्थ्य अफसर और दो स्वास्थ्य कर्मी समेत 15 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। साथ ही जिला अस्पताल में कार्यरत एक स्वास्थ्य कर्मी ने मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कर्मी में 14 जुलाई को संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मेरठ में भर्ती था। सीएमओ कार्यालय में कार्यरत एक एसीएमओ और एक स्वास्थ्य कर्मी में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अलावा नगर के कृष्णा नगर में एक परिवार के दो सदस्य और ईटारोड़ी निवासी एक व्यापारी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सीएचसी लखावटी में तैनात एक स्टाफ कोरोना संक्रमित निकला। एहतियात देखते हुए सीएचसी को 48 घंटे के लिए सील करवा दिया गया। इसके साथ औरंगाबाद नगर के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। अनूपशहर में मोहल्ला जामा मस्जिद नौ साल के मासूम और एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। खुर्जा नगर के अहीरपाड़ा निवासी एक युवक समेत दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। खानपुर नगर के वैश्यान में एक युवक, नरौरा के कर्मधर्म कॉलोनी निवासी गजरौला से आए एक युवक, स्याना के मुड़िया चौक निवासी एक युवक (नोएडा में भर्ती), सिकंदराबाद क्षेत्र के चोला निवासी एक युवक और डिबाई नगर के रामनगर निवासी एक युवक में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। चोला निवासी युवक भोपाल में रेलवे कर्मी है और एक्सीडेंट होने पर नोएडा के अस्पताल में कोरोना संक्रमित निकला। वहीं, 28 लोगों को कोविड-19 अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।