बुलंदशहर। लोगों को बिजली संकट से निजात दिलाने के लिए जिले में 18 नए बिजलीघर बनाए जाएंगे। इनमें से 14 बिजलीघरों के लिए जमीन भी चिन्हित कर ली गई है, जबकि शेष बिजलीघरों के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि अभी बिजलीघर का निर्माण होने में करीब एक साल का समय लगेगा।
लोगों को बिजली संकट और बार-बार होने वाली कटौती से निजात दिलाने के लिए जिले में रीवैंप योजना के तहत 18 नए बिजलीघर बनाने की तैयारी है। शासन के निर्देश पर इसके लिए बिजली निगम अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में बिजलीघरों के लिए जमीन चिन्हित करते हुए प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं। अधिकारियों का दावा है कि अगले एक वर्ष में इन बिजलीघरों का निर्माण पूरा करते हुए लोगों को बिजली संकट से निजात दिलाई जाएगी। 14 बिजलीघरों के लिए जमीन भी चिन्हित करते हुए अधिकारियों ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे हैं। सबसे अधिक अनूपशहर क्षेत्र में पांच बिजलीघरों का निर्माण किया जाएगा। बुलंदशहर और खुर्जा के टेना गोसपुर व गवां में बनने वाले बिजलीघर के लिए जमीन तलाशने में अफसर जुटे हैं।
ऊर्जा निगम के एसई गिरीश नारायण मिश्रा ने कहा कि लोगों को बिजली संकट से निजात दिलाने के लिए रीवैंप योजना के तहत कार्य होना है। कुल 18 नए बिजलीघर बनाए जाने हैं। 14 के लिए जमीन भी चिन्हित कर ली गई है। इसके प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे हैं। जल्द स्वीकृति मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।