जंक्शन चौकी क्षेत्र के गांव भादवा में बुधवार को तीन किसानों की 18 बीघा ईख जल गई। पीड़ित किसानों ने रंजिशन आग लगाए जाने का आरोप लगाते हुए चौकी में तहरीर दी है। सूचना पर आई दमकल ने आग पर काबू पाया।
भादवा गांव निवासी किसान राजू, अजीत और भूरा के खेत में खड़ी 18 बीघा ईख में बुधवार दोपहर को अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर जमा हुए ग्रामीणों ने दमकल को सूचित करते हुए आग बुझाने के प्रयास शुरु कर दिए। दमकल ने घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसानों की फसल जल चुकी थी।
पीड़ित किसानों ने रंजिशन आग लगाए जाने का आरोप लगाते हुए चौकी में तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
बिजली की चिंगारी से पांच बीघा गन्ना राख
खानपुर थाना क्षेत्र के जाड़ौल गांव में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से दो किसानों की गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। जाड़ौल निवासी किसान सोमवीर और मुकेश के गन्ने खेत से होकर हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मंगलवार शाम को उसी लाइन के तारों से बिजली की चिंगारी निकलने पर दोनों किसानों की करीब पांच बीघा गन्ने की फसल में आग लग गई।
आग की उठती लपटे देख सैकड़ों किसान मौके पर पहुंचकर आग पर काबू करने का प्रयास किया लेकिन हवा चलने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद किसानों ने खड़ी गन्ने की फसल में ट्रैक्टर से जुताई कर आग पर काबू किया। गन्ने की फसल में आग लगने से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान होना बताया गया है।