क्षेत्र के ख्वासपुर गांव में बंद पड़े उपस्वास्थ्य केंद्र तबेला बन गया है। कब्जे की सूचना मिलते ही बुधवार को अफसरों ने मौके पर पहुंचकर कब्जा करने वाले व्यक्ति को तीन दिन का अल्टीमेटम देकर केंद्र को खाली करने की चेतावनी दी है।
करीब छह वर्ष पहले ख्वासपुर में 10 लाख से अधिक रुपये की लागत से उपस्वास्थ्य केंद्र बनाया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि उप स्वास्थ्य केंद्र को शुरू कराने के लिए कई बार विभागीय अफसरों से संपर्क किया गया। लेकिन आज तक केंद्र में कोई डॉक्टर नहीं आया। इस बंद पड़े केंद्र को ग्रामीण ने अपना आवास बना लिया और पशु बांधने लगा।
आज तक किसी ने इस केंद्र की सुध नहीं ली। बुधवार को जब उपस्वास्थ्य केंद्र पर कब्जे की सूचना विभागीय अफसरों को दी तो वह मौके पर पहुंचे और कब्जा करने वाले को तीन दिन का अल्टीमेटम देकर खाली करने की चेतावनी दी। उधर, ग्रामीणों ने फिर शासन, प्रशासन और विभाग से उप स्वास्थ्य केंद्र को शुरू कराने की मांग की है।
कब्जा करने वाले को तीन दिन का अल्टीमेटम देकर खाली करने की चेतावनी दे दी गई है। यदि इसके बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा तो कब्जाधारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
- डॉ. जगवीर यादव, वैर चिकित्सा प्रभारी।