मैडम! पानी, साफ-सफाई जैसी कोई सुविधा नहीं मिलती
- डीएम की अध्यक्षता में आयोजित अपना शहर कार्यक्रम में लोगों ने गिनाईं समस्याएं
- मीट के लिए अलग से मार्केट बनाने की मांग
- काजीवाड़े की महिलाओं ने की राशन वितरण लिस्ट में नाम न होने की शिकायत
सिकंदराबाद।
डीएम की अध्यक्षता में आयोजित अपना शहर कार्यक्रम में नगरवासियों ने पालिका पर हीलाहवाली का आरोप लगाया। नगरवासियों ने कहा कि पालिका द्वारा पानी और साफ सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मुहैया कराई जा रही हैं। डीएम ने सभी शिकायतों का समय से निस्तारण करने के आदेश दिए।
शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने अपना शहर कार्यक्रम के तहत पालिका के सभागार में बिजली, पानी, सड़क से संबंधित समस्याएं सुनीं। छासियावाडा निवासी सूरज सैनी ने पालिका की टंकी से सप्लाई होने वाले पानी में बदबू, सही रास्तों को तोड़कर दोबारा बनाने, नए बनाने वाले रास्तों का ठीक प्रकार से लेवल नहीं कराने की शिकायत की। सराय झाझन निवासी मोहित, अमजद राना, रवि, भानू, रामकुमार, असलम राना आदि ने मोहल्ले में टूटी सड़क के कारण गंदगी होने की शिकायत की। कांग्रेस नेता शकील अहमद ने नगर के स्कूलों के बाहर बनाई गए अवैध पार्किंग को हटवाने की मांग की। अनीस गाजी ने पशुओं के लिए तालाब बनवाने और सीएचसी में सर्जन की नियुक्ति की मांग की। भाजपा नगर अध्यक्ष पिंकी वोहरा ने नगर को जाम से निजात दिलाने के लिए हाईवे किनारे रखे ट्रांसफार्मर को पुरानी तहसील के भवन में शिफ्ट कराने, कचरे के निस्तारण के लिए प्लांट लगाने, पैठ को रामलीला मैदान में स्थानांतरित करने, सब्जी मंडी स्थित आर्य समाज मंदिर के सामने से अतिक्रमण हटवाकर चौराहे का सौंदर्यीकरण कराने, नगर के प्राथमिक विद्यालयों में कुर्सी मेज, बिजली की व्यवस्था, पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के जर्जर शौचालयों की मरम्मत कराने, नगर में अलग से मीट मार्केट बनाने, नगर के क्षेत्र में आवास व स्कूलों से होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटवाने की मांग की। नगर में बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड बनाने की भी मांग की गई। काजीवाडे की महिलाओं ने राशन वितरण लिस्ट में नाम नहीं होने की शिकायत की। अपना शहर कार्यक्रम में अधिकांश शिकायतें नगर में पानी, सफाई, रास्तों से संबंधित रहीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का समय से निस्तारण करने की हिदायत दी। इस अवसर पर एडीएम वित्त ब्रिजेश कुमार, एसडीएम डा. शुभि काकन, तहसीलदार इंद्र नंदन सिंह, ईओ सतेंद्र तिवारी, एसडीओ राहुल देव समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।