सेवानिवृत्त शिक्षकों का साक्षात्कार 13 को
- माध्यमिक विद्यालयों में होना है सेवानिवृत्त शिक्षकों का चयन
- 179 पदों के लिए सिर्फ 37 सेवानिवृत्त शिक्षकों ने ही किया आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
शासन के आदेश पर माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाने के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर विभाग ने तैयारी लगभग पूरी कर ली है। आवेदन करने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का 13 सितंबर को सीडीओ कार्यालय में सुबह 11 बजे से साक्षात्कार होगा। खास बात यह है कि 179 पदों के लिए मात्र 37 सेवानिवृत्त शिक्षकों ने ही आवेदन किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि शासन के आदेश पर जिले के माध्यमिक विद्यालय में रिक्त 179 पदों पर सेवानिवृत्त शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है। अब तक मात्र 37 सेवानिवृत्त शिक्षकों ने ही आवेदन किए हैं। आवेदन मिलने पर अब उनका साक्षात्कार होगा। डीएम डॉ. रोशन जैकब के आदेश पर साक्षात्कार 13 सितंबर को विकास भवन स्थित सीडीओ कार्यालय में होगा। साक्षात्कार के लिए कमेटी का गठन कर लिया गया है। इसमें सीडीओ जसजीत कौर और डीआईओएस सहित अन्य अफसर शामिल हैं। उन्होंने साक्षात्कार में भागीदारी करने वाले सेवानिवृत्त अभ्यर्थियों को समय पर विकास भवन स्थित सीडीओ कार्यालय में साक्षात्कार के लिए पहुंचने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ समस्त शैक्षणिक प्रमाणपत्र और मेडिकल फिटनेस का प्रमाणपत्र भी लाना होगा। सीडीओ जसजीत कौर का कहना है सेवानिवृत्त शिक्षकों के साक्षात्कार को लेकर डीएम डॉ. रोशन जैकब द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उसी के आधार पर साक्षात्कार होगा।