शिक्षा मित्रों के आंदोलन से स्कूलों में लगे ताले
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद शिक्षा मित्रों के विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र के गई स्कूलों में बृहस्पतिवार को ताले लटके रहे। पढ़ने के लिए स्कूल पहुंचे बच्चों को बैरंग लौटना पड़ा।
दरअसल, कई स्कूलों में पढ़ाने के लिए सिर्फ शिक्षामित्रों की तैनाती है। इससे जहां सरकार के सर्व शिक्षा अभियान को पलीता लग रहा है, वहीं अभिभावकों में भी गुस्सा है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यूपी में शिक्षामित्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके चलते बृहस्पतिवार को पहासू के गांव बमनपुरी बरौला, हरिसिंह नगला समेत स्कूलों में ताला लटका मिला। कई स्टूडेंट्स स्कूलों पर ताला लटका देख लौट गए।
क्षेत्र के गांव नगला फतेहाबाद, सोही, रंजीत नगला, त्यौरी, मेवाती, नगला, रसूलगढ़, कसूमी समेत कई स्कूलों में शिक्षा मित्रों के न होने से बच्चे खेलते कूदते नजर आए। इसे लेकर बच्चों के अभिभावकों में भी रोष दिखाई दिया।
ग्रामीण दुर्गपाल, गजेन्द्र सिंह, महेन्द्र आदि ने बताया कि स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए कोई अध्यापक मौजूद नहीं था। इसकी शिकायत प्रशासन से की जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण ने बताया कि उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। प्राथमिक स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।