सरकारी राशन की कालाबाजारी का भंडाफोड़
जिले में सरकारी राशन की कालाबाजारी का काम बदस्तूर जारी है। इसका खुलासा डीएम के आदेश पर बृहस्पतिवार को हुए निरीक्षण में हुआ। औरंगाबाद में हाट गोदाम पर 223 चावल की बोरी कम पाई गई तो स्याना में एक राइस मिल से सरकारी चावल-गेहूं की 1500 बोरियां बरामद हुईं।
मामले में दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और गोदाम सील कर दिए गए हैं। कार्रवाई से कालाबाजारी से जुड़े अफसर, कर्मचारियों और अन्य लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
डीएम डॉ. रोशन जैकब ने फूड सिक्योरिटी योजना के तहत जिले में वितरित होने वाले गेहूं-चावल की हाट गोदाम पर जांच के लिए सभी एसडीएम के नेतृत्व में टीमों का गठन किया। एसडीएम के नेतृत्व में टीमों ने सुबह से ही निरीक्षण शुरू कर दिया था।
छापामार कार्रवाई के दौरान औरंगाबाद स्थित हाट गोदाम में 223 चावल के बारे कम पाए गए। इस गोदाम को सील कर दिया और संचालक के खिलाफ संबंधित क्षेत्र के थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई।
स्याना में छापामार कार्रवाई के दौरान डीपीआर राइस मिल में अवैध रूप से रखे 1500 सरकारी चावल-गेहूं की बोरी बरामद की गई। इस राशन का मिल के रजिस्टर में कोई आकलन नहीं मिला, इसके चलते टीम में शामिल एसडीएम ने एफआईआर दर्ज करा दी है।
इसी तरह टीमों ने सिकंदराबाद, बीबीनगर, गुलावठी, अननूपशहर, जहांगीराबाद, डिबाई, खुर्जा, शिकारपुर, पहासू आदि स्थानों पर भी हाट गोदामों पर छापे मारे लेकिन यहां टीम को सब कुछ ठीक मिला। डीएम डॉ. रोशन जैकब ने छापामार कार्रवाई में पाई गई कर्मियों को लेकर सुधारने के निर्देश दिए हैं।