चार दिन पहले गया था ऋषि
जहांगीरपुर के कचहरीयान मोहल्ला निवासी पवन अग्रवाल ने बताया कि उनका बेटा ऋषि अग्रवाल (17) चार दिन पहले अनूपशहर में कांवड़ लेने गया था। उसके साथ जहांगीरपुर कस्बा क्षेत्र के अन्य युवक भी गए , जिसमें सचिन गोयल, लाखन व नवीन अग्रवाल थे। शनिवार रात को ऋषि पैदल कांवड़ लेकर जहांगीरपुर आ रहा था। जब वह जेवर मार्ग पर शाहपुर गांव से आगे ठाकुर जी मैरिज होम के पास पहुंचा। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसको टक्कर मार दी।
कांवड़ियों ने पीछा कर बुलेट सवार को पकड़ा
टक्कर के बाद ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक बाइक लेकर भागने लगा, जिसको अन्य कांवड़ियों ने पीछा कर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ऋषि को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अन्य कांवड़ियों ने आरोपी बाइक सवार युवक को पुलिस को सौंप दिया, जिसको पुलिस ने हिरासत में ले लिया और ऋषि के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
पूरे मोहल्ले में पसरा मातम
अस्पताल में अपने ऋषि के शव को देख परिजन बिलख उठे। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम जांच कराए ही शव को अपने साथ ले गए। घर पर शव पहुंचते ही परिवार के अन्य लोग जोर जोर से रोने लगे। पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। रविवार को किशोर को अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के बाद रविवार दोपहर को परिजन खुर्जा जंक्शन चौकी पहुंचे। जहां उन्होंने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तहरीर दी।
दो बहनों का इकलौता भाई, घर का था लाडला
पवन अग्रवाल ने बताया कि उनकी जहांगीरपुर में मिठाई की दुकान है। उनके तीन बच्चे थे, जिसमें सबसे बड़ी बेटी लवी है और उसकी शादी हो गई। छोटी बेटी रिया जो पढ़ाई कर रही है। सबसे छोटा बेटा ऋषि था। दो बहनों का इकलौता भाई और परिवार का इकलौता बेटा होने के चलते ऋषि सब का लाडला था।
चौथी बार कांवड़ लेने गया था ऋषि
दोस्त हर्षित ने बताया कि ऋषि ने दसवीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद अपने पिता की दुकान पर ही बैठता था। ऋषि काफी हंसमुख, खुशी मिजाज और मददगार था। इस साल वह चौथी बार कांवड़ लेने गया था। काफी धार्मिक था, जिसके चलते 14 साल की उम्र से ही कांवड़ लेने जाने लगा था।
पुलिस का बयान
बाइक की टक्कर से किशोरी की मौत हो गई थी, जिसमें आरोपी बाइक सवार को हिरासत में ले लिया गया था। पिता की तहरीर पर बाइक सवार दानिश निवासी शाहपुर गांव खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मौके पर मामला शांत रहा, किसी तरह का कोई हंगामा नहीं किया गया। - शोभित कुमार, सीओ खुर्जा।