बुलंदशहर। अमृत सरोवर योजना के तहत 16 नए अमृत सरोवरों का निर्माण किया जाएगा। इसमें 1.92 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन अमृत सरोवरों के निर्माण का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना, स्थिरता सुनिश्चित करना और जन भागीदारी के माध्यम से पारंपरिक सामुदायिक जल निकायों को पुनर्जीवित करना है। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक तालाब को चिन्हित किया गया है।
उपायुक्त श्रम रोजगार गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि जिले में इस समय 232 अमृत सरोवर बन चुके हैं। अब एक बार फिर से जिले के सभी 16 ब्लॉकों में एक-एक तालाब को अमृत सरोवर बनाने के लिए चिन्हित किया गया है। इन तालाबों को मनरेगा से विकसित किया जाएगा। एक अमृत सरोवर को बनाने पर करीब 12 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है और मानसून से पहले अमृत सरोवरों को बनाने की पहल है। गांवों के तालाबों को अमृत सरोवर बनाए जाने के काम पर मनरेगा के जॉब कार्डधारक परिवारों से ही श्रमिकों को काम पर लगाया जाना है।
इससे गांवों में तालाबों को अमृत सरोवर का स्वरूप मिलेगा और इससे सृजित होने वाले रोजगार से श्रमिकों को गांव में ही काम भी मिल जाता है। प्रधानमंत्री की ओर से बारिश की एक-एक बूंद सहेजने का अभियान दिया गया है। इसी क्रम में यहां पर तालाबों को पुनर्जीवन देते हुए अमृत सरोवर के रूप में विकसित कराया जा रहा है। अमृत सरोवर बनाने के साथ ही किनारे पाथ-वे, पौधरोपण और बेंच आदि लगवाए जाएंगे। इससे गांव में अमृत सरोवर के पास लोगों को पार्क जैसी सुविधा भी मिल सकेंगी।