आबकारी विभाग ने छापा मारकर पकड़ी अवैध शराब
जहांगीराबाद। नगर में आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने एक मकान पर छापा मारकर अवैध देशी व अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है। साथ ही टीम ने मौके से शराब के नकली रैपर व एक स्कूटी सहित एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
नगर के मोहल्ला लोधान निवासी विकास उर्फ लाला के मकान पर आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार की सुबह छापा मारकर अवैध शराब बरामद की है। आबकारी निरीक्षक जीपी गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले काफी समय से पकड़े गए व्यक्ति द्वारा अवैध शराब बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शनिवार की सुबह को आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारकर विकास उर्फ लाला को गिरफ्तार कर उसके मकान से एक स्कूटी, 30 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 288 पौव्वे देशी शराब के बरामद किए हैं। जबकि विकास के दो साथी मौके से फरार हो गए। आबकारी विभाग की टीम ने मौके से अरुणाचल मार्का शराब के नकली रैपर भी आबकारी विभाग की टीम ने बरामद किए हैं। आबकारी विभाग द्वारा पकड़े गए शराब तस्कर व उसके फरार साथियों के खिलाफ जहांगीराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।