वेव, बृजनाथपुर और सिंभावली मिल ने किया बहुत कम गन्ना भुगतान
बुलंदशहर। डीएम अभय सिंह ने सोमवार देर रात्रि कैंप कार्यालय पर चीनी मिलों द्वारा किसानों के बकाया गुन्ना भुगतान की समीक्षा के लिए अफसरों और मिल प्रबंधकों की बैठक ली। इस दौरान सामने आया कि वेव शुगर मिल, बृजनाथपुर और सिंभावली मिल ने बहुत कम भुगतान किया है। इस पर डीएम ने नाराजी जताते हुए डीसीओ को इन मिलों को बकाया गन्ना भुगतान के आदेश दिए।
जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी ने डीएम को बताया कि जनपद के किसानों का गन्ना जिले की अनूपशहर, अगौता, साबितगढ़ और वेव शुगर मिल के अलावा हापुड़ की बृजनाथपुर और सिंभावली, संभल की रजपुरा और अमरोहा की चंदनपुर मिल द्वारा खरीदा जाता है। जनपद की अनूपशहर मिल ने किसानों के बकाया गन्ने का 71 फीसदी, अनामिका ने 74, साबितगढ़ ने 85 फीसदी, जबकि वेव शुगर मिल ने अभी तक 23, बृजनाथपुर ने 16 और सिंभावली ने 17 फीसदी ही भुगतान किया गया है। उन्होंने बताया कि जो मिल समय पर भुगतान करने में देरी कर रही हैं, उनसे लगातार संपर्क किया जा रहा है। डीएम ने सभी मिल प्रबंधकों को बकाया गन्ने का भुगतान प्रत्येक दशा में करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी चीनी मिलों के प्रबंधक आदि अफसर मौजूद रहे।