अब जनसेवा केंद्र पर भी सही होंगे बिजली के बिल
बुलंदशहर। पॉवर कारपोरेशन उपभोक्ताओं को अब गलत बिल सही कराने और अन्य शिकायतों से होने वाली परेशानी से बचाने के लिए नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। अब जनसेवा केंद्रों से भी बिजली के बिल सही कराने के साथ शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। अफसरों ने नए साल से पूर्व ही यह सुविधा शुरू होने की संभावना बताई है। नई व्यवस्था के शुरू होने से जिले के 120 केंद्रों पर विद्युत उपभोक्ताओं को सुविधा मिल सकेगी।
जिले के सभी जनसेवा केंद्रों पर बिजली बिल सही कराने के साथ उपभोक्ता अपनी समस्या का समाधान भी करा सकते हैं। इस योजना से आम लोगों के साथ ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी काफी राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली बिल सही कराने एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए अफसरों के चक्कर लगाते रहते हैं। इस दौरान अफसरों के न मिलने पर ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ जाता है। अब सभी उपभोक्ता अपने क्षेत्र में स्थित जनसेवा केंद्र पर जाकर अपनी बिजली संबंधी सभी समस्याओं का आसानी से समाधान करा सकेंगे।
बिजली बिल भी होते हैं आसानी से जमा:
जिले के 120 जनसेवा केंद्रों पर अभी तक बिजली बिल आसानी से उपभोक्ता जमा कर रहे हैं। जिससे कारपोरेशन के राजस्व में बढ़ोत्तरी हो रही है, तो वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ताओं को समय की बचत हो रही है। अब उपभोक्ता बिजली बिल जमा करने के साथ बिजली बिल सही कराने और शिकायत एवं अन्य समस्या का समाधान करा सकेंगे। इसके लिए उपभोक्ता को एक शिकायती पत्र लिखकर देना होगा। जिसका समाधान दो दिन से एक सप्ताह के अंदर किया जाएगा।
बिजली के बिल जमा करने के साथ उसे ठीक कराने और समस्या का समाधान जनसेवा केंद्रों पर किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी। इसके लिए जनसेवा केंद्र संचालकाें को यूनिक आईडी और प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद जल्द ही यह योजना जिले में शुरू कर दी जाएगी।
-आरपीएस तोमर, चीफ इंजीनियर पॉवर कारपोरेशन