लंबे इंतजार के बाद बनी सड़क, परेशानी हुई दूर
बुलंदशहर। लंबे इंतजार के बाद शिकारपुर तिराहा और मामन चुंगी चौराहे की आखिर सड़क बन ही गई। इसके साथ ही परेशानी भी दूर हो गई। पिछले काफी समय से काम रुकने के कारण सभी को परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
पिछले दिनों बुलंदशहर से नरौरा बाया बदायूं जाने वाले हाइवे पर गांव अहमदगढ़ तक सड़क बनाने पर 38 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। तत्कालीन डीएम डॉ. रोशन जैकब ने शिकारपुर तिराहा और मामन चौकी चौराहे व सड़क का चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर बनवाने का निर्णय लिया था। इसके चलते दोनों जगह पर कुछ टुकड़ा बनने से रह गया था। इस कार्य का टेंडर देने वाले विभाग ने डिवाइडर तो बना दिए थे, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं करवाया था। डिवाइडर नियम से न बनाने पर विभाग को दी जाने वाली राशि पर भी रोक लगा दी थी। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बाद में संबंधित विभाग ने दोनों स्थानों पर चौराहों व सड़क का चौड़ीकरण करते हुए अब सड़क का निर्माण पूरा कर दिया है। इस कार्य के पूरे होने के साथ सभी परेशानी दूर हो गई हैं। इससे वाहन चालकों व लोगों ने भी राहत की सांस ली है। सीडीओ ईशा दुहन ने बताया कि शिकारपुर तिराहे और मामन चौकी के चौराहे व सड़क के चौड़ीकरण के साथ सड़क निर्माण का काम पूरा हो चुका है। इस काम के पूरा होने से अब लोगों खासकर वाहन चालकों को परेशानी नहीं होगी।