सफाई नहीं होने पर फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन
बुलंदशहर। अनूपशहर बस अड्डा क्षेत्र की कॉलोनियों में पिछले काफी समय से सफाई नहीं होने के कारण परेशान लोगों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने मंगलवार को प्रदर्शन कर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो वह पालिका का घेराव करेंगे।
स्थानीय निवासी चांद बीबी, रुकसाना, अफसाना, आस मोहम्मद, जमील, लियाकत अली, उमरी, सबलू, अकरम सैफी और मेरू निशा आदि ने बताया कि अनूपशहर बस अड्डा के साथ स्याना रोड और अनूपशहर रोड के अलावा ताज मस्जिद, आनंद विहार कालोनी आदि में पिछले तीन माह से सफाई नहीं हो रही। पालिका की ओर से सफाई कर्मचारी तो तैनात किए गए हैं। लेकिन वह आते नहीं हैं। इसकी कई बार शिकायत करने के बाद भी पालिका के अफसरों ने अभी तक कोई सुध नहीं ली है। सफाई के अभाव में सड़कों पर धूल उड़ रही है। जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर उठाने को लोग खुद मजबूर हो रहे हैं। नालियों की सफाई नहीं होने से मच्छरों की संख्या कम नहीं हो रही। इससे सभी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जब पालिका की ओर से कोई सुध नहीं ली गई तो मंगलवार उन्हें मजबूरन प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि इसकी शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट से भी की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्या से जल्द निजात नहीं मिली तो वह पालिका का घेराव करने को मजबूर होंगे। दूसरी ओर पालिका के अफसरों का कहना है कि नगर में लगातार सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। यदि अनूपशहर बस अड्डा क्षेत्र में सफाई नहीं हो रही तो वहां तैनात सफाई कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।