3.51 करोड़ से चकाचक होंगी अल्पविकसित व मलिन कॉलोनी
बुलंदशहर। बुलंदशहर और खुर्जा स्थित अल्पविकसित व मलिन कॉलोनियां जल्द ही चकाचक होने वाली हैं। इसके लिए शासन ने मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मालिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत 3.51 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इसमें से 50 फीसदी राशि लगभग 1.75 करोड़ की पहली किस्त जारी हो गई है।
प्रदेश सरकार के विशेष सचिव अनिल कुमार वाजपेयी ने राज्य नगरीय विकास अभिकरण के निदेशक को पत्र जारी कर अवगत कराया है कि मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत बुलंदशहर और खुर्जा नगर पालिका के अधीन आने वाली अल्पविकसित और मलिन बस्तियों में इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और नाली निर्माण के साथ 15 विकास कार्यों से संबंधित 15 परियोजनाएं पूरी करवाई जाएंगी। इसके लिए योजना के तहत तीन करोड़ 51 लाख 94 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। बुलंदशहर और खुर्जा के लिए कुल राशि में से 50 फीसदी राशि एक करोड़ 75 लाख 97 हजार रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। इस राशि को बुलंदशहर और खुर्जा की चिन्हित अल्पविकसित एवं मलिन कॉलोनियों में विकास कार्यों के लिए आवंटित किया जाएगा। इन कॉलोनियों में होेने वाले विकास पर खर्च होने वाली राशि का ब्योरा भी जारी कर दिया गया है।
बुलंदशहर की ये कॉलोनी हैं शामिल
नगर बुलंदशहर के वार्ड नंबर 17 में मोहल्ला इंद्रा कालोनी प्रथम, इसी वार्ड के मोहल्ला आनंद विहार पार्ट-4, मोहल्ला आनंद विहार पार्ट-3, मोहल्ला आनंद विहार पार्ट-2 और मोहल्ला आनंद विहार पार्ट-1 और मोहल्ला नजीमपुरा भूड़ में जारी हुई पहली किस्त की राशि से इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण करवाया जाएगा।
खुर्जा की ये कॉलोनी हैं शामिल
खुर्जा के वार्ड नंबर 11 में मुरारी नगर में पहासू रोड गली नंबर पांच, इसी नगर में सिद्धेश्वर रोड, रामनगर शिकारपुर रोड, वार्ड नंबर 12 में मोहल्ला माता घाट, वार्ड नंबर 15 में मोहल्ला दुकानी, वार्ड नंबर 11 में मुरारी नगर में पालीटेक्निक के सामने मंदिर रोड, वार्ड नंबर 12 में मोहल्ला बुर्ज उस्मान, वार्ड नंबर 11 में मोहल्ला आवास विकास कालोनी पहासू रोड और इसी वार्ड में मोहल्ला मुरारी नगर में गंदा नाला किला रोड पर सीसी और नाली निर्माण का कार्य किया जाएगा।
कोट
बुलंदशहर और खुर्जा स्थित अल्पविकसित एवं मलिन बस्तियों के विकास के लिए शासन ने 3.51 करोड़ की राशि जारी की है। इसकी पहली किस्त की 1.75 करोड़ की राशि प्राप्त हो गई है। जल्द ही विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे।
- अरविंद कुमार मिश्र, एडीएम प्रशासन