गांव की बिजली काटने पर भड़के ग्रामीण, किया प्रदर्शन
खुर्जा। पावर कारपोरेशन की ओर से गांव की बिजली काटने पर ग्रामीण भड़क गए। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहा कि घरों में मीटर लग गए हैं, लेकिन अभी तक विद्युत निगम ने आपूर्ति चालू नहीं की है। बावजूद इसके कनेक्शन काट दिए गए। ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के गांव मोहद्दीनपुर के लोगों ने बताया कि बिजली के बिलों में कई तरह की अनियमितताएं मिल रही हैं। बिलों को ठीक कराने के लिए उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि घरों में विद्युत निगम ने मीटर तो लगा दिए, लेकिन अभी तक उसमें सप्लाई नहीं दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पूरे गांव में आपूर्ति काटने से जो बकाएदार नहीं हैं उनकी भी आपूर्ति ठप हो गई है। इसे लेकर शनिवार को काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली न रहने से खेतों में सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है। ऐसे में अगर आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वह सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे। अर्जुन सिंह, धर्मवीर, रोशन, सुनील, अनुज राजपूत, अनिल राघव, रामपाल, सुमित, सचिन, दिनेश, वीर सिंह, कपिल राहुल अमन आदि मौजूद रहे।