प्रधानमंत्री ने नगर गैस वितरण परियोजना का किया शुभारंभ
- नुमाइश ग्राउंड में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए किया गया सीधा प्रसारण
- कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह, सांसद और विधायक रहे मौजूद
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में नगर गैस वितरण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इसका सीधा प्रसारण बुलंदशहर के नुमाइश ग्राउंड में किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक समेत कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
पीएनजी आरबी ने 26 राज्यों और संघशासित प्रदेशों में सस्ती प्राकृतिक गैस की उपलब्धता की घोषणा की थी। साथ ही नौवें नगर गैस वितरण बोली चक्र के तहत 129 जिलों में स्थित 65 भौगोलिक क्षेत्रों में नगर गैस वितरण की परियोजना के कार्यक्रम आवंटित किए थे। इसके तहत बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री ने इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सीधा प्रसारण के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह ने कहा कि सिटी गैस वितरण के माध्यम से घर-घर पाइप से गैस पहुंचाने का कार्य बुलंदशहर में किया जा रहा है। पाइप गैस के इस्तेमाल के लिए एक मीटर भी लगाया जाएगा जिससे इस्तेमाल की गई गैस का भुगतान ही करना होगा। उन्होंने क्षेत्र में एक सीएनजी पंप की व्यवस्था करने का आश्वासन भी दिया है। उन्होंने बताया कि जनपद में पाइप के माध्यम से जल्द ही घर घर तक गैस पहुंचाने की व्यवस्था करा दी जाएगी। इस दौरान सांसद डा. भोला सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार आधी आबादी के हक के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान सदर विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही, शरद त्रिवेदी, समेत पार्टी के पदाधिकारी और कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
खाली पड़ी रहीं कुर्सियां
प्रधानमंत्री के शिलान्यस का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए नगर के नुमाइश ग्राउंड में विशाल पंडाल लगाकर व्यवस्था की गई थी, लेकिन इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों व चुनिंदा कार्यकर्ता ही मौजूद नजर आए। जबकि, अधिकतर कुर्सियां पंडाल के अंदर खाली ही नजर आईं।