अस्पताल में महिलाओं ने किया हंगामा
बुलंदशहर। जिला महिला अस्पताल लाने के बाद घर न छोड़े जाने पर मंगलवार देर रात महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। लखावटी ब्लॉक क्षेत्र में दूरबीन खराब होने के बाद नसबंदी कराने के लिए एंबुलेंस से महिलाओं को अस्पताल लाया गया था। इस दौरान अफसरों द्वारा महिलाओं को शांत कर घर भेज दिया गया।
शासन के आदेश पर जिले में नसबंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को लखावटी सीएचसी पर 20 से अधिक महिलाएं नसबंदी कराने के लिए लाई गई। केंद्र पर दूरबीन खराब हो जाने के कारण नसबंदी न होने पर सभी को एंबुलेंस द्वारा जिला महिला अस्पताल भेज दिया गया। इस दौरान करीब 17 महिलाओं की नसबंदी की गई। इसके बाद महिलाओं को घर जाने की इजाजत दे दी गई। इस दौरान एंबुलेंस संचालकों द्वारा गांव छोड़कर आने से मना कर दिया गया। इस बात को लेकर महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया गया। वरिष्ठ चिकित्सका डॉ. सुधा ने बताया कि महिला अस्पताल में मरीजों को लाने और घर छोड़ने की जिम्मेदारी शासन स्तर से की गई है। नसबंदी कराने आने वाली महिलाओं को अक्सर एंबुलेंस चालकों द्वारा मना कर दिया जाता है। इस संबंध में उच्च अफसरों को अवगत करा दिया जाएगा। वहीं एंबुलेंस सेवा के जिला समन्वयक सचित त्यागी ने बताया कि एंबुलेंस सेवा सभी मरीजों के लिए बराबर है। किसी भी संचालक द्वारा मना नहीं किया गया है। सभी को एंबुलेंस द्वारा घर छोड़ दिया गया था।