दबंग के सामने पुलिस प्रशासन हुआ बौना
अमर उजाला ब्यूरो।
शिकारपुर। थाना क्षेत्र के गांव समनपुर के एक मोहल्ले में दबंगों के आगे पुलिस प्रशासन बौना साबित हो रहा है। गांव में जलभराव वाले रास्ते पर नाली निर्माण कार्य शुरू कराने के बाद गांव के कुछ दबंगों ने निर्माण कार्य रोक दिया है। नाली निर्माण न होने से जल भराव की समस्या बनी हुई है।
लोगों की मांग पर विकास खण्ड के सहायक विकास अधिकारी और पुलिस की मौजूदगी में नाली का निर्माण कार्य गत दिनों शुरू कराया गया। लेकिन कुछ ही घंटे बाद आरोपी दबंग नाली निर्माण कार्य रुकवा दिया। इतना ही नहीं नाली के लिये खोदी गई जमीन को मिट्टी से भर दिया गया।
इस संबंध में एडीओ जय भगवान शर्मा ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा चिन्हित की गई जगह पर नाली निर्माण शुरू करा दिया गया था। अब दबंग के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस का काम है। वहीं कोतवाली निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कोतवाली में पुलिस बल नहीं हैं। फिर भी यदि ब्लॉक का अधिकारी पुलिस बल की मांग करेगा तो पुलिस बल मुहैया करा दिया जायेगा। नाली निर्माण के लिये अकेली पुलिस नहीं भेजी जायेगी।
--