अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा आज
बुलंदशहर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मेधावी बच्चों के लिए होने वाली अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को नगर खुर्जा रोड स्थित आजाद पब्लिक स्कूल में होगी। इसमें कक्षा नौ से 12 तक के 360 विद्यार्थी भाग लेंगे।
अमर उजाला फाउंडेशन सामाजिक कार्यों में हमेशा से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता आया है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति जागरूक करने, प्रोत्साहित व आर्थिक रूप से मदद करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हर साल अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इसमें उत्तीर्ण होने वाले मेधावी विद्यार्थियों को अमर उजाला परिवार की ओर से छात्रवृत्ति दी जाती है। इस साल जिले में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को सुबह 11 बजे से होगी। परीक्षा दोपहर 12.30 बजे संपन्न हो जाएगी। नगर के खुर्जा रोड स्थित आजाद पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में कक्षा नौ, दस, 11 व 12 के 360 विद्यार्थी भाग लेंगे। इनमें कक्षा नौ के 60, 10वीं के 68, कक्षा 11वीं के 155 और कक्षा 12वीं के 77 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा में कक्षा नौ व 10 का प्रश्नपत्र एक रहेगा, जबकि कक्षा 11 व 12 का प्रश्नपत्र भी एक होगा। परीक्षा केंद्र में विद्यार्थी केवल लेखन से जुड़ी सामग्री ही ले जा सकते हैं। मोबाइल, बैग आदि पूरी तरह से प्रतिबंधित है। स्कूल प्रबंधन की ओर से भी परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित कराने की पूरी तैयारी की जा चुकी है।