महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर हजारों लूटे
- भूड़ चौराहे के निकट महिला को दो अज्ञात आरोपियों ने सुंघाया था नशीला पदार्थ
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। देहात कोतवाली के भूड़ क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर दो अज्ञात आरोपियों ने हजारों की नगदी और जेवरात लूट लिए। पीड़िता को परिजनों ने हायर मेडिकल सेंटर में उपचार के लिए भर्ती कराया है।
नगर क्षेत्र के शांतिनगर भूड़ निवासी महिला उर्मिला देवी पत्नी सुरेश चंद शर्मा शुक्रवार सुबह दादरी स्थित अपनी रिश्तेदारी में गई थी। बताया गया कि शुक्रवार शाम बस से महिला भूड़ चौराहे पर ही उतर गई थी। महिला एक रिक्शे में बैठ कर अपने घर के लिए जा रही थी। बताया गया कि इस दौरान ई-रिक्शा में पहले से बैठे दो युवकों ने महिला को नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उसके पर्स से सात हजार रुपये की नगदी और एक अंगूठी व एक सोने की चेन लूट ली। इसके बाद आरोपी रास्ते में ही ई-रिक्शा से उतर गए। बेहोशी की हालत में ई-रिक्शा चालक ने महिला को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। महिला की हालत बिगड़ते देख परिजन उसे हायर मेडिकल सेंटर ले गए हैं। हालांकि, परिजनों ने बताया कि मामले में बुलंदशहर पहुंचने के बाद तहरीर दी जाएगी। देहात कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।