छठ पर्व की शुरुआत रविवार से हो गई है। इसके लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। यह पर्व वलीपुरा स्थित गंग नहर पर श्रद्धा से मनाया जाएगा। जिले में छठ पर्व मनाने वाले लोगों की संख्या अधिक नहीं है। साथ ही जो लोग इस पर्व को मनाते हैं वह जिले में जगह-जगह बसे हुए हैं। जब भी छठ पर्व की शुरुआत होती है तो वह मिलजुल कर इसे श्रद्धा से मनाते हैं। नगर में छठ पर्व का आयोजन छठ पूजा कमेटी के बैनर तले होता है।
कमेटी की ओर से गंग नहर पर तैयारी की जाती हैं। कमेटी के अध्यक्ष ब्रजेंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष अजय पासवान, मंत्री कुशेसर यादव, कोषाध्यक्ष एस कांत श्रीवास्तव और संयोजक विनीत कुमार झा ने बताया कि छठ पर्व को श्रद्धा और धूमधाम से मनाने के लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। गंग नहर पर लगने वाले मेले के आयोजन की भी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन से नहर में पानी छुड़वाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है।
नगर पालिका ने सफाई आदि व्यवस्था करवाने का भरोसा दिया है। शनिवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि छठ पर्व की शुरुआत रविवार को नहाय-खाय के साथ होगी। 12 नवंबर को खरना होगा। इस दिन पकवान आदि बनेंगे। 13 नवंबर को महिलाएं निर्जला व्रत रखकर शाम कोे वलीपुरा गंग नहर में डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजन करेंगी। पर्व के आखिरी दिन 14 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।