मोबाइल एप से खुली रोजगार पाने की राह
बुलंदशहर। रोजगार की चाह में भटक रहे बेरोजगारों के लिए एक अच्छी खबर है। उनको रोजगार की मंजिल दिलवाने के लिए सेवायोजन विभाग ने डिजिटल इंडिया की राह चुनी है। सेवायोजन ‘एप’ की सहूलियत देते हुए रोजगार का एक नया जंक्शन जोड़ा है। स्मार्टफोन से इस एप्लीकेशन को डाउनलोड किया जा सकता है।
बेरोजगारों के पंजीयन तक सीमित रहने वाले जिला सेवायोजन कार्यालय में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की कवायद तेज की है। ज्यादा से ज्यादा नियोजकों को सेवायोजन पोर्टल से जोड़े जाने की कोशिश पिछले कुछ सालों से तेज है। इसके पीछे का मकसद सिर्फ बेरोजगारी को खत्म करना है। ज्यादा नियोजक होने पर रोजगार के क्षेत्र में बेरोजगार युवक-युवती अपने मन मुताबिक रोजगार चुन सकेंगे। इस कोशिश को कायम रखते हुए रिक्त पदों पर होने वाली नियुक्तियों का संदेश पंजीकृत बेरोजगारों को उनके मोबाइल पर भेजा जाता है। मोबाइल मैसेज अलर्ट के बाद अब महकमा सेवायोजन ‘एप’ भी विकसित किया है। इससे पंजीकृत नौजवान राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सरकारी क्षेत्रों में निकलने वाली नौकरियों से अपडेट रहेंगे। इससे प्राविधिक और व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं के लिए भी सेवायोजन एप मददगार बनेगा। रोजगार मेलों की जानकारी के साथ सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों में होने वाली अप्रेंटिंस की जानकारी भी प्रशिक्षुओं को मिलेगी। यही नहीं, अगर उनके ट्रेड से जुड़े पदों पर कोई नियुक्ति है तो इसका भी पता उन्हें लग जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी अजय कृष्ण यादव ने बताया कि सेवायोजन एप को डाउनलोड कर बेरोजगार युवक-युवती विभिन्न सेक्टर में निकलने वाली भर्तियों से अपडेट रहेंगे। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए यह एप विकसित किया गया है।